हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर शहर में 8 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, सड़कों पर उतरी पुलिस
खबर केसरी, जबलपुर
सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए शहर की यातायात पुलिस फुल एक्शन मोड में है। हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 3 दिनों में ही पुलिस ने 718 वाहन चालकों के चालान काटकर 2 लाख 74 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला है। पुलिस मुख्यालय (भोपाल) के निर्देश पर यह 10 दिवसीय विशेष अभियान 8 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक (जबलपुर) श्री सम्पत उपाध्याय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री अखिलेश तिवारी के नेतृत्व में शहर के तीनों यातायात थानों की टीमें सड़कों पर सघन चेकिंग कर रही हैं।
कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर
पुलिस का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं है, बल्कि संस्कारधानी के लोगों को जागरूक करना भी है। इसी कड़ी में बुधवार को यातायात प्रभारियों ने शहर के 4 बड़े स्कूलों में पहुंचकर करीब 850 छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।
- खालसा स्कूल (नौदरा): मालवीय चौक थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने 150 विद्यार्थियों को जागरूक किया।
- सेंट नॉर्बर्ट स्कूल: निरीक्षक रोहित तिवारी ने 200 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित यातायात की जानकारी दी।
- बेला सिंह इंग्लिश मीडियम (मदनमहल): डीएसपी गढ़ा बैजनाथ प्रजापति और उनकी टीम ने 150 बच्चों से संवाद किया।
- गुरु गोविंद सिंह खालसा स्कूल: घमापुर थाना प्रभारी अश्विनी पटेल ने 350 बच्चों को ट्रैफिक रूल्स समझाए।
आंकड़ों में कार्रवाई (28 से 30 सितंबर):
- बिना हेलमेट चालान: 457
- बिना सीट बेल्ट चालान: 261
पुलिस की अपील:
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाली सवारी दोनों मानक स्तर का हेलमेट पहनें। चार पहिया वाहन में सभी सवारियां अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट लगाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में पुलिस का सहयोग करें।
#jabalpur #khabarkesri #trafficpolice #madhypradesh

