Breaking

खबर केसरी

सैनिकों का त्याग, शौर्य और समर्पण देश के लिए प्रेरणास्रोत: मंत्री राकेश सिंह

 

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान समारोह में पूर्व सैनिकों और परिजनों का हुआ सम्मान

​जबलपुर (खबर केसरी ब्यूरो):- "भारतीय सेना के वीर जवान विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उनके त्याग, अदम्य शौर्य और समर्पण के प्रति पूरा देश सदैव कृतज्ञ है। जवानों के पराक्रम के बल पर ही आज भारत निरंतर सुरक्षित और शक्तिशाली बन रहा है।" यह विचार प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘वीरगाथा एवं सैनिक सम्मान समारोह’ में व्यक्त किए।

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 'सेवा मेरा योगदान' श्रृंखला के अंतर्गत भंवरताल स्थित संस्कृति थिएटर सभागार में यह गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

वीरगाथाएं नई पीढ़ी को कराती हैं कर्तव्यबोध: मंत्री सिंह

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सैनिकों का सम्मान करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति व अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करना बेहद जरूरी है। वीरगाथाएं केवल अतीत की घटनाओं का स्मरण नहीं हैं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के प्रति दायित्वों का बोध कराती हैं। जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा, तभी सशक्त भारत का संकल्प साकार होगा।


सैनिकों के साथ उनके परिवारों का त्याग भी अतुलनीय: सांसद आशीष दुबे

समारोह में सांसद आशीष दुबे ने कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके अतुलनीय योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का जरिया है। सैनिक सीमाओं पर डटे रहते हैं, जिसमें उनके परिवारों का त्याग और तपस्या भी बराबर की हिस्सेदार होती है। वहीं, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' और कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि सैनिकों की सतर्कता और पराक्रम के चलते ही देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं; सैनिकों के अनुभवों से सीख लेना और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशील रहना पूरे समाज का नैतिक कर्तव्य है।

​सैन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी मौजूदगी

कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल एम.के. दास और ग्रुप कमांडर अमिताभ रावत की विशेष उपस्थिति में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को शॉल-श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू, प्रवक्ता डॉ. वाणी अहलूवालिया, निशक्तजन कल्याण प्रकोष्ठ संयोजक संदीप रजक, महामंत्री पंकज दुबे, अमित सोनू बचवानी, अभय सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post