खबर केसरी, जबलपुर :- चरगवां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक का सफेद बोलेरो से अपहरण कर बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद हरकत में आई चरगवां पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए महज चंद घंटों के भीतर मुख्य दो आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो कार, एक चायना चाकू और बेसबॉल स्टिक जब्त कर ली है।
रात में घर के बाहर से जबरन खींच ले गए बोलेरो में
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सेमरा गांव निवासी प्रकाश गौड़ (33 वर्ष) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अक्टूबर की रात करीब 9:00 बजे उनका छोटा भाई अरविंद गौड़ (27 वर्ष) बखरी मोहल्ले में दोस्तों के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का महेंद्र झारिया और गंगई निवासी राजा सेन एक सफेद रंग की बोलेरो कार से अपने दो अन्य साथियों के साथ पहुंचे। पुरानी रंजिश को लेकर उन्होंने अरविंद के साथ गाली-गलौज की और जबरन खींचकर बोलेरो में बैठाकर फरार हो गए।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल धारा 140(3) बीएनएस (BNS) के तहत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
बरेला ले जाकर बेसबॉल स्टिक से की पिटाई, चाकू दिखाकर धमकाया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (IPS) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोन-3) मनीष भारद्वाज और सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस की सख्त नाकेबंदी के बीच पीड़ित अरविंद गौड़ पैदल लौटते हुए मिला। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उसे बोलेरो में डालकर बरेला हिनौतिया ले गए थे। वहां गाड़ी से उतारकर महेंद्र झारिया ने बेसबॉल स्टिक से और अन्य लड़कों ने लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की, जबकि राजा सेन चाकू लहराकर उसे जान से मारने की धमकी दे रहा था। मारपीट के बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग निकले थे।
खोखा रोड नहर के पास घेराबंदी कर दबोचे आरोपी
पुलिस टीम ने तुरंत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिली कि वारदात में इस्तेमाल बोलेरो खोखा रोड नहर के पास खड़ी है और उसमें दो संदिग्ध मौजूद हैं। पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश देकर दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- राजा सेन (23 वर्ष) – पिता परसराम सेन, निवासी ग्राम गंगई, थाना चरगवां
- महेंद्र उर्फ गोलू झारिया (32 वर्ष) – पिता रज्जू झारिया, निवासी ग्राम सेमरा, थाना चरगवां
पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सफेद बोलेरो कार, बेसबॉल स्टिक और एक चायना चाकू बरामद कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई रही सराहनीय
अपहरण के इस गंभीर मामले को चंद घंटों में सुलझाने में सीएसपी बरगी अंजुल अयंक मिश्रा, चरगवां थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे, एएसआई प्रकाश सिंह पटेल, एएसआई राम सिंह जाट, आरक्षक अभिषेक कौरव, विजय बरकडे, संदीप घोषी और सुनील कुराम की विशेष भूमिका रही।
#JabalpurCrime #KidnappingCase #CharghawanPolice #BNS140 #MPPolice #JabalpurNews #KhabarKesari
