Breaking

खबर केसरी

छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करें सभी एसडीएम : एडीएम श्री पांडे

 

विद्यार्थियों के भोजन की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में करें संतुष्टिपूर्ण निराकरण, समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न

भोपाल, खबर केसरी -   एडीएम श्री सुमित पांडे ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए मेस की सुचारू व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

   एडीएम श्री पांडे सोमवार को समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एडीएम श्री प्रकाश नायक, एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के निराकरण और लंबित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा की गई।

  श्री पांडे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

  बैठक में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।  शहर के विकास और शासकीय परिसरों के सुव्यवस्थित उपयोग के लिए पुनर्घनत्वीकरण (रीडेंसिफिकेशन) कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। एडीएम श्री पांडे ने संबंधित विभागों को कार्ययोजना के संबंध में तत्परता से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

#Bhopal #khabarkesri #madhypradesh 

Post a Comment

Previous Post Next Post