Breaking

खबर केसरी

इंदौर की विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए CM मोहन यादव, कहा- 'मां के दरबार में सब एक, नवरात्रि देती है एकता का संदेश'

 


इंदौर, खबर केसरी : - शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को इंदौर में भक्ति, आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहर के प्रसिद्ध बड़ा गणपति मंदिर से शुरू हुई विशाल चुनरी यात्रा में शामिल हुए। यह भव्य यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए एरोड्रम क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरी यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और चुनरी यात्रा का जोरदार स्वागत किया।

​प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चुनरी यात्रा में उमड़े जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मां दुर्गा की आराधना का यह महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, वैभव और आनंद लेकर आए। उन्होंने मां के दरबार में मध्य प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि हमें जीवन में शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा के संचार की प्रेरणा देती है। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ माता के जयकारे भी लगाए और सभी को आगामी दशहरे और दीपावली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।



​"धार्मिक आयोजन समाज को करते हैं एकजुट"

विशाल चुनरी यात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए सीएम डॉ. यादव ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "मां के दरबार में सभी समान हैं। यहां अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-पंथ का कोई भेद नहीं होता। चुनरी यात्रा के जरिए समाज के सभी वर्गों को एक साथ आने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं।"

​जयकारों से गूंजा शहर, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

चुनरी यात्रा के दौरान पूरा शहर माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा। इस भव्य यात्रा में विशेष रूप से महिलाओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी गहरी आस्था प्रकट की। श्रद्धालुओं के उत्साह, ढोल-नगाड़ों और जयकारों ने पूरे मार्ग में एक अद्भुत और भक्तिमय वातावरण निर्मित कर दिया था।


Post a Comment

Previous Post Next Post