Breaking

खबर केसरी

विदिशा में झोलाछाप डॉक्टर पर बड़ी कार्यवाही : सिरनोटा में अवैध क्लिनिक सील, संचालक पर FIR के निर्देश

 


कलेक्टर के सख्त निर्देश पर राजस्व और स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त छापा, कार्रवाई के दौरान क्लिनिक में मिले 5 मरीज, संचालक उमेश यादव नहीं दिखा सका कोई वैध दस्तावेज।

  • ​विदिशा जिले के त्योंदा अंतर्गत ग्राम सिरनोटा में चल रहा था अवैध क्लिनिक।
  • ​उमेश यादव नामक व्यक्ति द्वारा बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा था मरीजों का इलाज।
  • ​राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने पंचनामा बनाकर क्लिनिक को किया सील।
  • ​संचालक के खिलाफ त्योंदा थाने में एफआईआर दर्ज करने के लिए पुलिस को लिखा गया पत्र।

​विदिशा, खबर केसरी - मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध रूप से चल रहे क्लिनिकों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर नकेल कसने के लिए कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसी कड़ी में आज सोमवार, 5 अक्टूबर को राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने त्योंदा तहसील के ग्राम सिरनोटा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध क्लिनिक को सील कर दिया है।

​छापे के वक्त चल रहा था इलाज, मौके पर मिले 5 मरीज

जानकारी के अनुसार, प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम सिरनोटा में उमेश यादव द्वारा संचालित क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया। छापे के दौरान क्लिनिक चालू हालत में था और वहां 5 मरीजों का उपचार किया जा रहा था। जब अधिकारियों ने उमेश यादव से क्लिनिक के संचालन और चिकित्सा सेवाएं देने से संबंधित वैध दस्तावेज (रजिस्ट्रेशन और मेडिकल डिग्री) मांगे, तो वह बगले झांकने लगा। संचालक मौके पर कोई भी वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सका।


क्लिनिक सील, पुलिस थाने भेजा गया पत्र

बिना दस्तावेजों के अवैध रूप से लोगों का इलाज कर जान जोखिम में डालने के मामले को गंभीरता से लेते हुए, संयुक्त दल ने मौके पर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद टीम ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को सील करने की कार्रवाई की। साथ ही, आरोपी संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के लिए त्योंदा थाना प्रभारी को एफआईआर दर्ज करने हेतु पत्र भी प्रेषित कर दिया गया है।

​इन अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस कार्रवाई में त्योंदा तहसीलदार श्री आनंद जैन, खण्ड चिकित्सा अधिकारी (BMO) त्योंदा डॉ. नीलेश गुर्जर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमेन्द्र तिवारी और फार्मासिस्ट श्री राहुल साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post