प्रशांत मिश्रा, खबर केसरी,गोरखपुर: श्री खाटू श्याम धाम समिति, गोरखपुर द्वारा अपने चौथे स्थापना वर्ष को 'अमृत महोत्सव' के रूप में बेहद भव्य और आध्यात्मिक अंदाज में मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस खास मौके पर धर्म और आध्यात्म की अविरल गंगा बहेगी, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस अमृत महोत्सव में वृंदावन धाम से पधारे संत श्री कुंज बिहारी दास जी महाराज का पावन सानिध्य और आशीर्वाद भक्तों को प्राप्त होगा। वहीं, प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
भक्ति और अध्यात्म का होगा अनूठा संगम
आयोजन को लेकर विस्तृत जानकारी देते हुए आयोजक बबलू यादव ने बताया कि समिति के चौथे वर्ष को विशेष रूप से अमृत महोत्सव के तौर पर मनाने का निर्णय लिया गया है। इस पूरे आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाबा श्याम की अटूट भक्ति और उनके आध्यात्मिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग धर्म के मार्ग से जुड़ सकें।
बबलू यादव ने बताया कि इस पावन अवसर पर भव्य भजन संध्या, संगीतमय प्रवचन सहित कई मनमोहक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिति ने सभी धर्मप्रेमियों और श्याम भक्तों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और महाराज जी के वचनों व बाबा श्याम के भजनों का आनंद उठाकर धर्म लाभ कमाएं।


