श्रीनगर/कुपवाड़ा, खबर केसरी डेस्क - जम्मू-कश्मीर के उत्तरी छोर पर स्थित कुपवाड़ा जिले में भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की एक बड़ी घुसपैठ की साजिश को नाकाम कर दिया है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सेना ने दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया है।
अंधेरे का फायदा उठाकर हो रही थी घुसपैठ
सैन्य सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के सीमा पर तैनात सतर्क भारतीय जवानों ने नियंत्रण रेखा के पास कुछ संदिग्ध हलचल देखी। पाकिस्तान की ओर से कुछ आतंकवादी अंधेरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में चुपके से दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। मुस्तैद जवानों ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए आतंकवादियों को ललकारा और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
जवाबी कार्रवाई में गिरे आतंकी
खुद को सुरक्षा बलों से घिरता देख आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। भारतीय सेना के जवानों ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया और जवाबी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया।
इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी
इस सफल कार्रवाई के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से सील कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि मारे गए आतंकवादियों के साथ उनके कुछ अन्य साथी भी इस दल में शामिल हो सकते हैं, जो आसपास के जंगलों में छिपे हो सकते हैं। इसे देखते हुए सेना और स्थानीय पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद कर दिया गया है।
.jpeg)