Breaking

खबर केसरी

इंदौर के MY हॉस्पिटल में शुरू हुआ पेट-सीटी स्कैन सेंटर, भोपाल-जबलपुर सहित 4 शहरों में भी जल्द होगी शुरुआत


​इंदौर, खबर केसरी :-  मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में रविवार को एक बड़ा मील का पत्थर स्थापित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के शासकीय एम.वाय. हॉस्पिटल (MY Hospital) के न्यू कैंसर हॉस्पिटल ब्लॉक में आधुनिक पेट-सीटी स्कैन सेंटर (PET-CT Scan Center) का विधिवत शुभारंभ किया। यह सेंटर पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP मॉडल) के तहत श्री अरबिंदो हॉस्पिटल के सहयोग से तैयार किया गया है। इस सुविधा के शुरू होने से अब कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को सटीक जांच और इलाज के लिए प्रदेश से बाहर जाने की मजबूरी खत्म होगी।

​भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और रीवा में भी खुलेंगे आधुनिक सेंटर

​लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। इसी कड़ी में इंदौर के बाद अब प्रदेश के चार अन्य प्रमुख मेडिकल कॉलेजों— गांधी मेडिकल कॉलेज (भोपाल), नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज (जबलपुर), गजराराजा मेडिकल कॉलेज (ग्वालियर) और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज (रीवा) में भी इसी तरह के अत्याधुनिक पेट-सीटी स्कैन सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं।

​3 महीने में शुरू होगा रोबोटिक सर्जरी सेंटर

​कार्यक्रम के दौरान श्री अरबिंदो हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. विनोद भंडारी ने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य शासन की स्वास्थ्य नीतियों के सहयोग से आगामी तीन महीनों के भीतर एम.वाय. हॉस्पिटल में 'रोबोटिक सर्जरी केंद्र' की स्थापना की जाएगी। इससे जटिल और गंभीर ऑपरेशनों को बेहद आधुनिक तकनीक और सटीकता के साथ किया जा सकेगा।

​"सेवा और स्वास्थ्य में भी नए रिकॉर्ड बना रहा इंदौर"

​सीएम डॉ. यादव ने पेट-सीटी स्कैन सेंटर का निरीक्षण कर आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली समझी। उन्होंने कहा, "इंदौर स्वच्छता, उद्योग और विकास के बाद अब स्वास्थ्य और परमार्थ सेवा के क्षेत्र में भी देश में मिसाल कायम कर रहा है। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के माध्यम से गरीब से गरीब व्यक्ति को उच्च स्तरीय इलाज सुलभ हुआ है। आज अत्याधुनिक मेडिकल टेक्नोलॉजी से गंभीर बीमारियों का सफल इलाज संभव हो रहा है और एमवाय हॉस्पिटल इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।"


Post a Comment

Previous Post Next Post