खबर केसरी सागर: जिले के शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में 1 से 14 अक्टूबर 2026 तक 14 दिवसीय अग्निवीर सेना भर्ती रैली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस रैली में सागर, शिवपुरी, छतरपुर, दतिया, टीकमगढ़, निवाड़ी, श्योपुर, भिंड, मुरैना और ग्वालियर सहित 10 जिलों के लगभग 11 हजार युवा हिस्सा लेंगे। आयोजन को सफल बनाने और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के लिए जिला प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भर्ती स्थल का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक (SP) श्री अनुराग सुजानिया ने सेना के अधिकारियों के साथ मिलकर मैदान में चल रही तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की।
अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा पर खास फोकस
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अभ्यर्थियों की आईडी कार्ड स्कैनिंग, टी-शर्ट वितरण, रजिस्ट्रेशन सेल और बायोमेट्रिक प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) के लिए बनाए गए ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा परखी। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि भर्ती स्थल पर स्वच्छता, पीने के पानी और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था समय-सीमा में पूरी कर ली जाए।
24×7 मिलेगी मेडिकल सुविधा
किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर 24 घंटे मेडिकल टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा जीवनरक्षक दवाइयां और एम्बुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बाहर से आने वाले युवाओं के ठहरने, भोजन-नाश्ते और रैली खत्म होने के बाद उनकी वापसी के लिए बसों व अन्य परिवहन साधनों की भी उचित व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी सख्त
एसपी अनुराग सुजानिया ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान की जानकारी देते हुए बताया कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं के आने को देखते हुए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और भर्ती परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। भीड़ को मैनेज करने के लिए बैरिकेडिंग का काम भी समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
इस निरीक्षण के दौरान सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के कर्नल पंकज कुमार, संयुक्त कलेक्टर आरती यादव, एएसपी नरेंद्र सोलंकी, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एसडीएम रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी और सिटी एसपी ललित कश्यप सहित सेना और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
#AgniveerRally #SagarNews #MPNews #IndianArmy #JansamparkMP #AgniveerBharti #MPPolice #khabarkesri


