जबलपुर खबर केसरी - विजयनगर अंतर्गत एकता नगर फीडर क्षेत्र में विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने होटल ग्रैंड रेजिडेंसी में बिजली चोरी के एक बड़े खेल का भंडाफोड़ किया है। जांच के दौरान होटल परिसर के मीटर में बाहरी तंत्र (शंट) लगाकर बिजली की वास्तविक खपत को रोकने का मामला पकड़ा गया। विभाग ने तत्परता दिखाते हुए होटल पर लगभग 10 लाख रुपये की रिकवरी निकाली है और मौके पर ही बिजली कनेक्शन काट दिया गया।
मीटर की कार्यप्रणाली से छेड़छाड़
विभागीय जांच टीम जब होटल ग्रैंड रेजिडेंसी पहुंची, तो मीटर की तकनीकी जांच में पाया गया कि उसमें बाहरी तंत्र (शंट) फिट किया गया था, ताकि मीटर धीमा चले और भारी बिजली खपत दर्ज न हो सके। अधिकारियों के अनुसार, यह भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत सीधे तौर पर बिजली चोरी का गंभीर मामला है।
कार्रवाई की मुख्य बातें:
- 10 लाख का जुर्माना: चोरी पकड़े जाने के बाद विभागीय नियमों के तहत होटल प्रबंधन पर लगभग 10 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण (रिकवरी) किया गया।
- तुरंत कटा कनेक्शन: मौके पर विधिवत पंचनामा बनाकर होटल की विद्युत लाइन तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दी गई।
- मौके पर मौजूद टीम: इस कार्रवाई में प्रबंधक आईटी अमित सिंह, कनिष्ठ अभियंता भरत भानेश, लाइन कर्मचारी दिनेश श्रीवास्तव और महेंद्र दुबे शामिल रहे।
