कटंगी, खबर केसरी - कटंगी नगर में शुक्रवार को अमर क्रांतिकारी राजा शंकर शाह एवं उनके पुत्र रघुनाथ शाह का 169वां बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कटंगी नगर के वार्ड क्रमांक 2 में किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अजय विश्नोई ने राजा शंकर शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके उपरांत आयोजित मंचीय कार्यक्रम में समाज के लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा को बढ़ावा देना आवश्यक है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रखने और नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने की बात कही गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजय विश्नोई ने राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का त्याग और देश के प्रति उनका समर्पण सदैव समाज को प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अमिताप साहू,मण्डल अध्य्क्ष भूपेंद्र ठाकुर,मनोहर दुबे, शंकर यादव, अनिल पाठक,कमलेश साहू,विक्की नेताजी,रंजन नेमा जनप्रतिनिधि,सुजान सिंह पार्षद, पप्पू सिंह सरपंच, नरेंद्र सिंह सामाजिक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
