जबलपुर (खबर केसरी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से शुरू हो रहे एक माह के 'सेवा संकल्प अभियान' की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने की। उन्होंने अभियान को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने और अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाजार वाले दिनों में आयोजित होंगे विशेष कार्यक्रम
बैठक में मंत्री राकेश सिंह ने निर्देश दिए कि जिले के जिन क्षेत्रों में हाट-बाजार का दिन निर्धारित होता है, वहां स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गतिविधियों का आयोजन किया जाए ताकि आम जनता की भागीदारी बढ़ सके।
17 सितंबर को गौरीघाट पर दीपदान से होगी शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम पावन गौरीघाट में भव्य दीपदान कार्यक्रम के साथ होगी। इसके साथ ही उसी दिन जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) पर दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 17 अक्टूबर तक निरंतर चलेगा।
अभियान के तहत होंगी ये मुख्य गतिविधियां:
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बैठक में बताया कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
- आशीर्वाद का दीया और सेवा ज्योति यात्रा
- नमो सेवा गाथा एवं कहानी बदलाव की
- विकसित भारत संकल्प यात्रा तथा सेवा सेतु अभियान
- आंगन का उत्सव, रंगोली राष्ट्र एवं राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज
विधानसभा वार नोडल अधिकारी और कैलेंडर होगा तैयार
कार्यक्रमों में बेहतर तालमेल के लिए जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर तय किया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। साथ ही, विधानसभा वार कार्यक्रमों की सूची और एक व्यवस्थित कैलेंडर तैयार कर जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा ताकि अधिकारी व नेता आपसी समन्वय से काम कर सकें।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी:
बैठक में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी 'इंदू', संतोष वरकड़े, डॉ. अभिलाष पांडे, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी संपत उपाध्याय, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत सहित अनेक पदाधिकारी व अधिकारी उपस्थित रहे।


