झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख की रंगदारी मांगने वाली आरोपी महिला को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर ब्लैकमेल कर वसूले गए 2.50 लाख रुपये नगद और एक मोबाइल फोन किया जप्त
जबलपुर, खबर केसरी - कोतवाली थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक परिचित महिला द्वारा युवक को झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर लगातार लाखों रुपये की मांग की जा रही थी। पीड़ित की शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी महिला को दबोच लिया।
होटल में 7 लाख लेने पहुंची थी महिला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्म ऋषि कॉलोनी (ग्वाड़ीघाट) निवासी सार्थक सिंह गौतम (34) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसकी परिचित पूजा रैदास (32), निवासी ग्राम रामपुर (बिरसिंगपुर पाली, जिला उमरिया) उसे लगातार ब्लैकमेल कर पैसों की मांग कर रही है। पैसे न देने पर झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने रणनीति बनाई। जब आरोपी महिला पीड़ित से 7 लाख रुपये की किश्त लेने कोतवाली क्षेत्र स्थित एक होटल पहुंची, तो पहले से मुस्तैद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
2.5 लाख कैश जप्त, भेजी गई जेल
तलाशी के दौरान आरोपी महिला के पास से ब्लैकमेलिंग के जरिए पूर्व में वसूले गए 2,50,000 रुपये (ढाई लाख रुपये) नगद और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद कर जप्त किया गया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी पूजा रैदास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 308(6) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

