Breaking

खबर केसरी

जबलपुर सर्किट हाउस का होगा कायाकल्प: ₹5-स्टार ग्रीन रेटिंग भवन के साथ बनेंगे 75 आधुनिक कमरे, मंत्री राकेश सिंह ने दी जानकारी



 जबलपुर विशेष संवाददाता खबर केसरी 

मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह की पहल पर प्रदेश के सभी सर्किट हाउस और शासकीय विश्राम गृहों के उन्नयन की योजना तैयार की गई है। प्रथम चरण में जबलपुर और भोपाल के सर्किट हाउस को अत्याधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। जबलपुर सर्किट हाउस का निर्माण रीडेंसिफिकेशन योजना के तहत मध्यप्रदेश बिल्डिंग डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BDC) द्वारा कराया जाएगा।

​100 सीटों का सम्मेलन कक्ष और 5-स्टार ग्रीन रेटिंग

लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि बदलते समय और बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विश्राम गृहों का आधुनिकीकरण जरूरी हो गया है। जबलपुर का नया सर्किट हाउस पर्यावरण अनुकूल 5-स्टार ग्रीन रेटिंग मानकों पर बनेगा। इसमें उच्च स्तरीय बैठकों और सम्मेलनों के आयोजन के लिए 100 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक सम्मेलन कक्ष भी निर्मित किया जाएगा।

​75 कमरों की होगी व्यवस्था, आमजन भी कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग

नवेली कार्ययोजना के तहत नए सर्किट हाउस में कुल 75 कमरे बनाए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:

  • ​मानक (Standard) कमरे: 55
  • ​वीआईपी (VIP) कमरे: 18
  • ​वीवीआईपी (VVIP) कमरे: 02

​इन आवास सुविधाओं का लाभ शासकीय अतिथियों के साथ-साथ आम नागरिक भी उठा सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली शुरू की जाएगी।

​15 वर्षों का मेंटेनेंस आउटसोर्स होगा

मंत्री निवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में एमपीआरडीसी के एमडी श्री भरत यादव, बीडीसी एमडी श्री सी.बी. चक्रवर्ती और जबलपुर कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि इस परियोजना के संचालन और अगले 15 वर्षों के रखरखाव (मेंटेनेंस) की कार्ययोजना बनाकर इसे आउटसोर्स किया जाएगा, जिससे गुणवत्ता बनी रहे। शीघ्र ही इस योजना पर जमीनी काम शुरू होगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post