Breaking

खबर केसरी

महिलाओं के हाथ में स्वरोजगार की कमान! लांजी में 550 से अधिक महिलाओं ने बनाई साल भर की कार्ययोजना

पवन कश्यप, बालाघाट खबर केसरी -  महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लांजी विकासखंड में एक बड़ा आयोजन हुआ। भिलाई रोड स्थित सिद्धेश्वर मंगल भवन में 'निर्भया आजीविका संकुल स्तरीय संगठन' की वार्षिक आमसभा (AGM) का भव्य आयोजन किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक श्वेता मेहतो के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में 550 से ज्यादा समूह की महिलाओं (दीदियों) ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

​आय-व्यय का हिसाब और लोन पर हुई सीधी चर्चा

आमसभा की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद सीएलएफ मैनेजर रविता साबले ने संगठन का वार्षिक लेखा-जोखा (आय-व्यय) पेश किया। महिलाओं को शासन से मिलने वाले सीआईएफ (CIF), रिवॉल्विंग फंड (RF), मुद्रा लोन और सीसीएल (CCL) की राशि के सही इस्तेमाल की जानकारी दी गई। बैठक में सीआईएफ के मूलधन और ब्याज वापसी को लेकर सभी 30 ग्राम संगठनों के साथ 'वन-टू-वन' चर्चा की गई और आगामी वर्ष के लिए नई कार्ययोजना तैयार की गई।

​विधायक ने दिया अपनी आय बढ़ाने का मंत्र

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे लांजी-किरनापुर विधायक श्री राजकुमार कर्राहे ने महिलाओं का जमकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दीदियों से अपील की कि वे कृषि, पशुपालन और स्वरोजगार की सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी आय बढ़ाकर पूरी तरह आत्मनिर्भर बनें। इसके साथ ही लखपति सीआरपी, कृषि सखी और बैंक सखी ने भी महिलाओं को रोजगार से जुड़ी अहम जानकारियां दीं।

नई कार्यकारिणी का हुआ अनुमोदन

इस महत्वपूर्ण बैठक में निर्भया आजीविका संकुल की नई कार्यकारिणी और पदाधिकारियों के नामों का अनुमोदन भी किया गया, कार्यक्रम में संकुल अध्यक्ष कविता कोसरे, सचिव अख्तरी शेख, कोषाध्यक्ष उमेश्वरी दल्लेमाल के अलावा पूर्व विधायक रमेश भटेरे, जनपद उपाध्यक्ष अजय अवसरे, सभापति रेवाराम कर्राटकरे, प्रभारी ब्लॉक मैनेजर राजाराम परते सहित एनआरएलएम टीम और 30 ग्राम संगठनों के पदाधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

​यह विशाल आमसभा महिलाओं की सामूहिक शक्ति और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बेहद सफल कदम साबित हुई।

#KhabarKesari #BalaghatNews #Lanji #WomenEmpowerment #AjeevikaMission #NRLM #MPNews #SelfReliantWomen #WomenInBusiness

Post a Comment

Previous Post Next Post