Breaking

खबर केसरी

कटंगी में कांग्रेस का हल्लाबोल: स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और मेट्रो बस की मांग को लेकर ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी


कटंगी/जबलपुर, खबर केसरी - 
 कटंगी क्षेत्र में जनसमस्याओं, स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही से हुई मासूम की मौत के बाद मुआवजे एवं मेट्रो बस सेवा शुरू करने को लेकर कांग्रेस ने शासन - प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है,  कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय यादब, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ठाकुर नेकनारायण सिंह और नगर अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में जबलपुर कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है, वहीं मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।  

​ASV इंजेक्शन न मिलने से 2 वर्षीय मासूम की हुई मौत, मुआवजे की मांग

        कांग्रेस द्वारा सौंपे गए पहले शिकायती पत्र के अनुसार, कटंगी स्वास्थ्य केंद्र में 16 सितंबर को सर्पदंश (सांप के काटने) से पीड़ित एक दो वर्षीय मासूम को इलाज के लिए लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि केंद्र में जीवनरक्षक 'एंटी स्नेक वेनम' (ASV) इंजेक्शन उपलब्ध न होने के कारण बच्चे ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, इस घटना पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार तुरंत उचित मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की है।

​कटंगी से जबलपुर के बीच 4 मेट्रो बसें चलाने की मांग

        दूसरे ज्ञापन में क्षेत्र की परिवहन समस्या को प्रमुखता से उठाया गया है, जिसमे कटंगी और आसपास के अंचल से प्रतिदिन लगभग 4,000 छात्र, व्यापारी, मरीज और मजदूर जबलपुर आते-जाते हैं। जबलपुर के अन्य क्षेत्रों में मेट्रो बस चालू है, लेकिन कटंगी को इससे वंचित रखा गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि यात्रियों की सुविधा के लिए कटंगी से जबलपुर के बीच तत्काल कम से कम 4 मेट्रो बसें शुरू की जाएं।

​प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी

      कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मुआवजा और मेट्रो बस सेवा की मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आम जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

​प्रदर्शन में ये नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव, वरिष्ठ नेता पंडित राजेश तिवारी, विक्रम सिंह, राम विनय करसौलिया, बब्बू यादव, शिव नामदेव, कालीचरण यादव, देवेश चौरसिया, विमलेश उपाध्याय, जमील खान, प्रदीप पटेल, पोड़ा ब्लॉक अध्यक्ष चंदू पटेल, पुष्पेंद्र सिंह, लेखराज सिंह, जगदीश सोनी, मनीष चौरसिया, मालिक यादव, मकसूद खान, महेंद्र नेमा, ललित सोनी, मन्नू खान, फिरोज खान, मनोज तिवारी, रिंकू सिंधई, रज्जाक खान, शकील खान, आसिफ खान, रमन सेन, रज्जन झारिया और राजा जैन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Post a Comment

Previous Post Next Post