Breaking

खबर केसरी

अवैध एवं जहरीली शराब पर कमिश्नर का सख्त रुख: बोले- रीवा संभाग में न दोहराई जाए सागर जैसी घटना, अधिकारियों पर होगी सीधी कार्रवाई



विशेष संवाददाता, खबर केसरी, रीवा/मध्यप्रदेश - रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आबकारी विभाग को संभाग के सभी जिलों में अवैध और मिलावटी कच्ची शराब की सप्लाई एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सागर जिले में हुई घटना की पुनरावृत्ति रीवा संभाग में किसी भी सूरत में नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसी कोई अप्रिय स्थिति बनती है, तो संबंधित आबकारी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

​संयुक्त छापेमारी और गश्त बढ़ाने के निर्देश

कमिश्नर श्री सिंह ने आबकारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से मैदानी स्तर पर उतरकर सर्चिंग और छापामार कार्रवाई करें।

  • ​सीमावर्ती इलाकों पर नजर: अन्य राज्यों से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाए और लगातार गश्त बढ़ाई जाए।
  • ​दुकानों से लिए जाएं सैंपल: ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की सभी वैध मदिरा दुकानों से नियमित रूप से शराब के सैंपल लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए।

​कार्रवाई पर जताया असंतोष, दी कड़ी चेतावनी

बैठक के दौरान कमिश्नर ने आबकारी विभाग द्वारा अब तक की गई कार्रवाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए छापों और प्रकरणों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आबकारी की कार्रवाई जमीन पर दिखनी चाहिए।

​कमिश्नर ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध या मिलावटी शराब के सेवन से यदि किसी नागरिक की जान जाती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post