Breaking

खबर केसरी

राजस्व, नापतौल एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई: दो पेट्रोल पंपों की जांच, मिठाई दुकान और डेयरी से लिए सैंपल

 


विशेष संवाददाता जबलपुर - कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर आज मंगलवार को प्रशासन की टीम ने आधारताल तहसील अंतर्गत विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। तहसीलदार आधारताल रंजना यादव के नेतृत्व में राजस्व, नापतौल और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने दो पेट्रोल पंपों, एक दूध डेयरी एवं एक प्रसिद्ध मिठाई दुकान पर छापामार कार्रवाई की।

​तहसीलदार रंजना यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान रद्दी चौकी स्थित 'रज्जब अली सुलेमान जी पेट्रोल पम्प' और आधारताल चौक के समीप स्थित 'ओम पेट्रोलियम' पर आपूर्ति की शुद्धता और मात्रा की जांच की गई। अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों के नोजल से ईंधन आपूर्ति का नाप-तौल कर स्थिति का जायजा लिया।

​खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने 'सिंह मिठाई भंडार' का निरीक्षण कर जांच हेतु मिठाइयों के सैंपल एकत्र किए। इसके साथ ही 'बल्हारा डेयरी' से दूध के सैंपल लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

​इस पूरी कार्रवाई के दौरान नापतौल निरीक्षक आर. के. ढोके, सचिन कुमार सोनी तथा खाद्य सुरक्षा प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधुरी मिश्रा मौजूद रहे। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों और अनियमितता करने वाले व्यापारियों में हड़कंप का माहौल रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post