रिमझिम बारिश के बीच युवाओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर किया जमकर नृत्य, नम आंखों से दी विघ्नहर्ता को विदाई
रज्जी (देवेंद्र) शुक्ला, बेलखाड़ू, खबर केसरी - गणेशोत्सव का पर्व बेलखाड़ू एवं आसपास के ग्रामो में श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शनिवार को बेलखाडू के आश्रम कुटी ,कर्मा माई मदिर ,पडाव बस्ती, राम बाग बस्ती,में स्थापित गणेश प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन चल समारोह निकाला गया। चल समारोह का शुभारंभ दादा दरबार कुटी आश्रम से हुआ, जो सिमरिया मोड़ होते हुए बेलखाड़ू चौराहा पहुंचा। इसके बाद चल समारोह ने समूचे बेलखाड़ू बस्ती का भ्रमण किया।
पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के बीच रिमझिम फुहारों के बावजूद श्रद्धालुओं और युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ। ढोल-धमाल और डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरके। पूरे मार्ग में "गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ" के जयकारे गूंजते रहे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना कर आरती की और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया देर रात चल समारोह का समापन हुआ जिसके बाद सुबह आरती एवं पूजा-अर्चना के बाद विभिन्न गणेश उत्सव समितियों द्वारा एवं घरों में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विसर्जन नदी, नहर एवं नाहन देवी स्थित नदी में किया गया, जहां विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से विघ्नहर्ता को विदाई दी तथा अपने गांव, क्षेत्र, शहर और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।
#jabalpur #ganeshvisarjan #belkhadoo #madhypradesh #khabarkesri

