जबलपुर/बरगी, खबर केसरी - 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के तहत जबलपुर का प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी तरह से एक्शन मोड में हैं। आज बरगी विधानसभा क्षेत्र में विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी संपत उपाध्याय ने पूरी टीम के साथ फील्ड पर उतरकर सरकारी योजनाओं और संस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी।
हॉस्टल में चेक किया दाल-चावल, परखी पढ़ाई
कलेक्टर और एसपी सबसे पहले मंगेली स्थित श्रमोदय आवासीय विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने न सिर्फ बच्चों से बात कर पढ़ाई का स्तर परखा, बल्कि हॉस्टल के मेस में जाकर दाल, चावल और आटे की क्वालिटी भी चेक की। अफसरों ने डगडगा के हाई स्कूल में भी बच्चों से पढ़ाई और जनरल नॉलेज के सवाल-जवाब किए।
आंगनवाड़ी में गूंजी कविताएं, परखी स्वास्थ्य सुविधाएं
डगडगा आंगनवाड़ी पहुंचने पर बच्चों ने अफसरों का फूल देकर स्वागत किया। यहां कलेक्टर ने बच्चों से कविता और ABCD सुनी, वहीं गर्भवती महिलाओं को मिलने वाले पोषण आहार और टीकाकरण (ANC) का रिकॉर्ड भी चेक किया। इसके बाद टीम ने डगडगा के 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' (उप स्वास्थ्य केंद्र) में मरीजों की ओपीडी और दवाइयों के स्टॉक का जायजा लिया।
मध्यान्ह भोजन देखा, बंद हॉस्टल को लेकर मांगे सुझाव
परासिया में टीम ने आंगनवाड़ी और सरकारी स्कूल की 'यशोदा माई की रसोई' में बनने वाले मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था देखी। इसके बाद सभी अधिकारी गांव में खाली पड़े 50 सीटर आदिवासी बालक छात्रावास पहुंचे। कलेक्टर ने इस बंद पड़ी बिल्डिंग को किसी सरकारी काम में इस्तेमाल करने के लिए ग्रामीणों और पंचायत से सुझाव मांगे।
दौरे के अंत में कलेक्टर चरगवां भी पहुंचे, जहां उन्होंने पशुपालक दिलीप पटेल के घर जाकर उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
#JanVishwasAbhiyan2026 #khabarkesri #Jabalpur #madhypradesh


