Breaking

खबर केसरी

बासी खाद्य सामग्री मिलने पर सागर रत्ना और असांजो रेस्टोरेंट पर कार्रवाई, गंदगी पर मिला नोटिस

 


जबलपुर (खबर केसरी)। मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री के विक्रय पर सख्ती से रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को राइट टाउन स्थित प्रसिद्ध 'सागर रत्ना' और 'असांजो' रेस्टोरेंट में औचक दबिश देकर कार्रवाई की गई।

​सागर रत्ना के फ्रिज में मिली बासी दाल और चने

         खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि राइट टाउन स्थित 'सागर रत्ना' के किचन और स्टोर रूम के निरीक्षण के दौरान एक दिन पुरानी बासी दाल मखनी और उबले चने फ्रिज में संग्रहित मिले, जिन्हें ग्राहकों को परोसने के लिए रखा गया था। टीम ने मौके से पनीर और बासी खाद्य सामग्री के सैंपल जब्त किए। इसके अलावा, किचन में पाई गई अत्यधिक गंदगी पर प्रतिष्ठान को धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।

​असांजो रेस्टोरेंट के वाशिंग एरिया में पाई गई गंदगी

          इसी श्रृंखला में राइट टाउन स्थित 'असांजो रेस्टोरेंट' का भी निरीक्षण किया गया, जहां वाशिंग एरिया में भारी गंदगी पाई गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने यहां से किचन में रखे पनीर और सनफ्लावर तेल के सैंपल एकत्र किए।

            ​खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी सैंपलों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post