विशेष संवाददाता, बालाघाट, मध्यप्रदेश
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग श्री घनश्याम सोनी द्वारा कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, बालाघाट में जिले के प्राचार्यों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) एवं विकासखंड स्रोत समन्वयकों (BRC) की समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
संयुक्त संचालक श्री सोनी ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के लिए ज्ञान के साथ-साथ स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण का केंद्र होना चाहिए। सभी प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विद्यालय परिसर, कक्षाएं, शौचालय एवं पेयजल स्थल नियमित रूप से स्वच्छ एवं व्यवस्थित रहें। विद्यार्थियों में स्वच्छता की आदत विकसित करने के लिए भी निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएं।
उन्होंने विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए।
बैठक में विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षकों की समय पर उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति तथा कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। श्री सोनी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें, साथ ही विद्यालयों की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं प्राचार्य अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं प्राचार्यों से विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना गया तथा आवश्यकतानुसार निराकरण के निर्देश दिए गए।
