Breaking

खबर केसरी

जल उपभोक्ता संस्थाओं के चुनाव रद्द करने की मांग, बसपा प्रतिनिधि मंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 


सिहोरा के लमकना माइनर में गुपचुप चुनाव कराने का आरोप; 9 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव पर रोक लगाने की मांग; मांग पूरी न होने पर बसपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

​जबलपुर (खबर केसरी): नर्मदा जल वितरण गांधीगंज कार्यालय के अंतर्गत लमकना माइनर क्रमांक 4 (सिहोरा) में जल उपभोक्ता संस्थाओं के चुनाव में धांधली और अपारदर्शिता का आरोप लगाते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रतिनिधि मंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात की। बसपा ने चुनावों को रद्द कर पुनः पारदर्शिता के साथ चुनाव कराने तथा आगामी 9 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष पद के चुनाव पर रोक लगाने की मांग की है।

​गुपचुप चुनाव कराकर मनमानी करने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिहोरा निवासी मनोज पटेल एवं पवन पटेल ने बसपा जबलपुर जिलाध्यक्ष एडवोकेट लखन अहिरवार को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अगस्त माह में जल उपभोक्ता संस्थाओं के सदस्यों के चुनाव अत्यंत गुपचुप तरीके से कराए गए, जिसकी सूचना आम मतदाताओं या ग्राम पंचायतों तक को नहीं दी गई। आम भाषा में 'नहर चुनाव' के नाम से जाने जाने वाले इन चुनावों में मिलीभगत कर कुछ खास लोग निर्विरोध सदस्य बन जाते हैं और बाद में वही सदस्य अध्यक्ष का चुनाव कर लेते हैं।

​9 सितंबर के अध्यक्ष चुनाव का विरोध करने की चेतावनी

बसपा द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए आज जिला महासचिव दिनेश कुशवाहा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधि मंडल ने निर्वाचन अधिकारियों पर लापरवाही और स्थानीय नेताओं के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। बसपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि इन चुनावों को रद्द कर प्रचार-प्रसार के साथ दोबारा निष्पक्ष चुनाव नहीं कराए गए, तो 9 सितंबर को होने वाले अध्यक्ष चुनाव का चुनाव स्थल पर जाकर पुरजोर विरोध किया जाएगा।

​इस दौरान बसपा जिला महासचिव दिनेश कुशवाहा, सुरजीत मयंक चौधरी, पवन पटेल, राजा पटेल, ओम प्रकाश पटेल सहित अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post