Breaking

खबर केसरी

कलाई पर बंधी राखी और कमर के धागे ने दिलाई पहचान: कटंगी हादसे में मृतक का शव लेकर नांदेड़ रवाना हुए परिजन, पुलिस और नागरिकों ने बढ़ाया मदद का हाथ

 


​कटंगी (खबर केसरी): - कटंगी क्षेत्र में हादसे में जान गंवाने वाले अज्ञात मृतक की शिनाख्त आखिरकार उसके परिजनों ने कर ली है। शुक्रवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ से पहुंचे परिजनों ने कलाई पर बंधी राखी और कमर में बंधे धागे को देखकर मृतक की पहचान की। कागजी कार्रवाई और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव ले गए हैं।

​महाराष्ट्र के नांदेड़ का रहने वाला था मृतक

कटंगी थाने पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त भगवान संभाजी पांडागळे के रूप में की, जो ग्राम शिरडोन (तहसील कंधार, जिला नांदेड़, महाराष्ट्र) का निवासी था। शिनाख्त के लिए मृतक के परिजन माधव भगवान पांडागळे और शिवराज भगवान पांडागळे सहित अन्य रिश्तेदार कटंगी पहुंचे थे।

​राखी और धागे ने दूर किया पहचान का संशय

परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद शव की शिनाख्त करना बेहद मुश्किल हो रहा था, लेकिन हाथ की कलाई में बंधी रक्षाबंधन की राखी और कमर में बंधे विशेष धागे को देखकर उन्होंने भगवान संभाजी को पहचान लिया। पहचान की पुष्टि होने के बाद कटंगी पुलिस ने जरूरी वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

​पुलिस और स्थानीय लोगों की संवेदनशीलता की सराहना

दूसरे राज्य से आए पीड़ित परिवार की मदद के लिए कटंगी पुलिस के साथ-साथ नगर के जागरूक नागरिकों ने भी आगे आकर सहयोग किया। संकट की इस घड़ी में मिले मानवीय सहयोग से भावुक परिजनों ने कटंगी पुलिस और स्थानीय लोगों का आभार जताया। परिजनों ने कहा कि यदि समय पर स्थानीय स्तर से मार्गदर्शन और मदद नहीं मिलती, तो प्रक्रिया पूरी कराना बेहद कठिन हो जाता।

Post a Comment

Previous Post Next Post