कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशों पर एडीएम सुमित पांडेय की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की बैठक संपन्न; आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम में लापरवाही पर मिलेगी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
भोपाल (खबर केसरी): आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत भोपाल जिले में पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में अपर कलेक्टर (एडीएम) श्री सुमित पांडेय की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में त्यौहारों पर प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) की जगह माटी (मिट्टी) की मूर्तियां बनाने के लिए जिले में वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक के दौरान प्राकृतिक एवं बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए एडीएम श्री सुमित पांडेय ने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही बैरसिया में पानी में डूबने से हुई मौत की घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विसर्जन घाटों पर समय रहते दुरुस्त होंगी व्यवस्थाएं
आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूर्ति विसर्जन के लिए घाटों पर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों पर अस्थायी निर्माण, साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की तैनाती समय रहते सुनिश्चित की जाएगी। SDRF और होमगार्ड को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिले के स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों में हर महीने अलग-अलग विषयों पर आधारित मॉकड्रिल का आयोजन करें।
गहरे जल क्षेत्रों में लगेंगे साइन बोर्ड, संवेदनशील इलाकों की होगी सीमांकन
मानसून और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए केरवा, कोलार, भदभदा, कलियासोत तथा अन्य संवेदनशील और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र तय किए जाएंगे और वहां चेतावनी साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।
पुलिस और होमगार्ड विभाग को मोटर बोट्स, बाढ़ राहत सामग्री की स्थिति दुरुस्त रखने, पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण, तैराकों की सूची तैयार करने और जिला कंट्रोल कमांड सेंटर से तालमेल के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक में सभी अनुभागों के एसडीएम, तहसीलदार, नगर निगम, SDRF, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
