भोपाल में आयोजित होने वाली Global Investors Summit (GIS)-2027 के लिए दिया आमंत्रण
भोपाल (खबर केसरी): नए निवेश, नए उद्योग और युवाओं के लिए नए रोजगार के संकल्प के साथ मध्यप्रदेश अब वैश्विक पटल पर एक प्रमुख निवेश गंतव्य (Investment Destination) के रूप में उभरने के लिए पूरी तरह तैयार है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अपने चार दिवसीय विदेश प्रवास के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में आयोजित Annual Investment Meeting (AIM Congress - 2026) में हिस्सा लिया और वैश्विक निवेशकों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया।
उद्योग एवं निवेश-अनुकूल नीतियों से कराया अवगत
दुबई में आयोजित सत्र के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतरराष्ट्रीय उद्योगपतियों, सॉवरेन वेल्थ फंड्स और कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश की अनुकूल औद्योगिक नीतियों से अवगत कराया। उन्होंने प्रदेश में मौजूद सिंगल-विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, बेहतर लॉजिस्टिक्स, बुनियादी ढांचे और त्वरित नीतिगत फैसलों की जानकारी देते हुए निवेशकों को मध्यप्रदेश में पूंजी निवेश के लिए प्रोत्साहित किया।
GIS-2027 के लिए मिला वैश्विक आमंत्रण
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वैश्विक निवेशकों, विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों और उद्योगपतियों को राजधानी भोपाल में आयोजित होने वाली Global Investors Summit (GIS)-2027 में सहभागिता करने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, लॉजिस्टिक्स और वस्त्र उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगी गति
प्रदेश सरकार के उद्योग नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग तथा MPIDC (मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम) के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह वैश्विक आउटरीच कार्यक्रम राज्य में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) और औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देगा। इस प्रवास से प्रदेश में बड़े पैमाने पर नए उद्योगों की स्थापना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
