जबलपुर, खबर केसरी :- मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक बड़े सिंडिकेट पर करारी चोट की है। बीती रात संजीवनी नगर और माढ़ोताल थाना पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में एक बुलेरो पिकअप से करीब 10 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई है। पुलिस की बैरिकेडिंग देखकर तस्कर बीच हाईवे पर अपनी गाड़ी छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
जबलपुर एसपी सम्पत उपाध्याय (IPS) के निर्देशों पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ज़ीरो टॉलरेंस' अभियान के तहत इसे एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
यूं हुआ पूरा घटनाक्रम: यू-टर्न लेकर भागने लगे तस्कर
सीएसपी (गोरखपुर) एम.डी. नागोतिया ने बताया कि 6 अक्टूबर की रात पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि पनागर से नागपुर की तरफ एक सफेद रंग की बुलेरो पिकअप (MP 32 G 0493) में भारी मात्रा में शराब ले जाई जा रही है।
सूचना पुख्ता होते ही पुलिस ने अंधमूक बाईपास पर तगड़ी नाकाबंदी कर दी। सामने पुलिस को देखकर पिकअप चालक घबरा गया और तुरंत यू-टर्न लेकर वापस कटनी रोड की तरफ भागने लगा। संजीवनी नगर पुलिस ने तुरंत माढ़ोताल पुलिस को अलर्ट किया और फिल्मी अंदाज़ में गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। खुद को घिरता देख तस्कर नेशनल हाईवे पर महिंद्रा वर्कशॉप के पास गाड़ी खड़ी कर के अपने एक साथी के साथ मौके से रफूचक्कर हो गए।
गाड़ी की पन्नी हटी तो फटी रह गईं आंखें, 130 कार्टून शराब बरामद
पुलिस ने जब बुलेरो पिकअप के पीछे बंधी रस्सी और पीली पन्नी को हटाकर तलाशी ली, तो उसमें शराब का जखीरा भरा हुआ था।
- क्या-क्या हुआ बरामद: गाड़ी से कुल 130 कार्टून शराब मिली है। इसमें रॉयल स्टैग, मैजिक मोमेंट्स और गोवा विस्की जैसी महंगी अंग्रेजी शराब के अलावा किंगफिशर और बडवाइज़र बियर की केन और भारी मात्रा में देसी शराब शामिल है।
- करोड़ों का है माल: पकड़ी गई शराब की कुल कीमत लगभग 9 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 9 लाख रुपये की बुलेरो को भी पुलिस ने राजसात कर लिया है।
आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी
एएसपी पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन में संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी और उनकी टीम की इस कार्रवाई के बाद अब फरार आरोपियों की कुंडली खंगाली जा रही है। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गाड़ी के नंबर (MP 32 G 0493) के आधार पर तस्करों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
#jabalpur #police #winetaskar #khabarkesri #madhypradesh #cspgorakhpur
