9वें दिन 62.06 फीसदी अभ्यर्थी दौड़ में रहे सफल; सेना भर्ती बोर्ड ने दी चेतावनी—चयन सिर्फ मेरिट पर, दलालों से रहें सावधान
खबर केसरी, सागर: - जिले में आयोजित हो रही सेना की अग्निवीर भर्ती रैली के 9वें दिन युवाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आज मैदान पर उतरे 630 अभ्यर्थियों में से 391 युवाओं ने दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर अगला पड़ाव पार किया। इस चरण में अभ्यर्थियों का सफलता प्रतिशत 62.06 दर्ज किया गया।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के बाद अब भर्ती रैली अपने अगले अहम चरणों में प्रवेश कर रही है। आगामी कार्यक्रम के तहत विभिन्न श्रेणियों के लिए तिथियां निर्धारित की गई हैं:
- 10 और 11 अक्टूबर: क्लर्क एवं स्टोरकीपर पदों के लिए रैली आयोजित की जाएगी।
- 14 अक्टूबर: महिला मिलिट्री पुलिस (WMP) पद के लिए महिला अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी।
दलालों से सावधान रहने की अपील:
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को सतर्क करते हुए स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और केवल मेरिट के आधार पर होता है। भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करने वाले या झूठे वादे करने वाले दलालों और असामाजिक तत्वों के झांसे में बिल्कुल न आएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत भर्ती अधिकारियों या पुलिस प्रशासन को सूचित करें।
#sagar #police #khabarkesri #madhypradesh #agniweer
