खबर केसरी, इंदौर: - जिले में शासकीय जमीनों को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर शिवम वर्मा के कड़े निर्देशों के परिपालन में आज मल्हारगंज अनुभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरदरी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
राजस्व एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर मौजूद अवैध निर्माण व अतिक्रमण को हटवाकर जमीन को पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है।
स्वास्थ्य और बाल विकास सुविधाओं के लिए संरक्षित हुई भूमि:
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, ग्राम बरदरी में यह जमीन क्षेत्र के नागरिकों के लिए 'संजीवनी क्लिनिक' तथा 'आंगनवाड़ी भवन' के निर्माण हेतु चिन्हांकित एवं संरक्षित की गई है। इन जनहितैषी परियोजनाओं के निर्माण में कोई बाधा न आए और भविष्य में भूमि पर दोबारा किसी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके, इसके लिए नगर निगम की टीम द्वारा मौके पर त्वरित रूप से फेंसिंग (तारबंदी) भी करवा दी गई है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी संपत्तियों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और सार्वजनिक उपयोग की जमीनों को सुरक्षित कर विकास कार्यों को गति दी जाती रहेगी।
#indore #collector #khabarkesri #madhypradesh

