खबर केसरी, पनागर :- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के दुरुपयोग के जरिए राजनीतिक व सामाजिक छवि बिगाड़ने का गंभीर मामला सामने आया है। पनागर के भाजपा नेता और समाजसेवी हर्ष तिवारी की पहचान का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने के विरोध में स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नगर में विरोध जुलूस निकालते हुए प्रदर्शनकारियों ने थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इंस्टाग्राम हैंडल से फैलाया जा रहा भ्रामक कंटेंट
थाना पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सक्रिय आईडी aone.00 (यूज़र आईडी: digital_bhikari) द्वारा हर्ष तिवारी के नाम व चेहरे का दुरुपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि एआई तकनीक की मदद से फर्जी वीडियो तैयार कर आमजन में भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, जिससे नेता की छवि को ठेस पहुंचे।
तकनीकी जांच और सामग्री हटाने की मांग
ज्ञापन में मांग की गई कि:
- संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच कर आईपी ट्रेसिंग के माध्यम से आरोपी की पहचान की जाए।
- फर्जी और भ्रामक वीडियो के निर्माण व प्रसारण में शामिल सिंडिकेट पर साइबर अपराध कानून के तहत मामला दर्ज हो।
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से उक्त आपत्तिजनक सामग्री को अविलंब हटाया जाए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष अंकुर जैन, आनंद जैन (मिंचू), नगर मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र साहू, अनिल गौतम, सर्वेश मिश्रा, विजय सिंह ठाकुर, संतोष साहू, प्रदीप पटेल, आनंद साहू, सोहैल फैजल खान, दीनदयाल पटेल, डॉ. सुरेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस ने मामले की साइबर सेल के जरिए जांच कराने का आश्वासन दिया है।
