खबर केसरी, विक्की नेताजी, कटंगी - शराबखोरी एवं विभिन्न प्रकार के नशे के दुष्परिणामों से समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘जीवन जागरण दर्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीणों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक नुकसान की जानकारी देते हुए नशे से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्राम उड़की में जीवन जागरण दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के संस्थापक अमित राजपूत के साथ सरपंच गोविंद सिंह, हरिओम यादव, कल्लू सिंह, डबल सिंह ,वेद प्रकाश गर्ग सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर शराबखोरी एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से युवाओं को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ, संस्कारयुक्त एवं बेहतर जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों को बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करती, बल्कि परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
समिति का उद्देश्य गांव-गांव तक जागरूकता पहुंचाकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। समिति के कार्यकर्ताओं का कहना है कि नशे के खिलाफ जनजागरण ही समाज को इस बुराई से बचाने का प्रभावी माध्यम है। इसी उद्देश्य से जीवन जागरण दर्शन कार्यक्रम को लगातार पंचायत एवं ग्रामीण स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
