Breaking

खबर केसरी

मंझोली: संत गुरु रविदास जी के चबूतरे में तोड़फोड़ और अनादर पर भड़की बसपा

 

कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

​खबर केसरी, जबलपुर :-  मझोली नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-5 में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के चबूतरे को क्षतिग्रस्त करने और मंदिर परिसर में गंदगी फैलाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला गरमा गया है। इस घटना के विरोध में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) जिला इकाई ने सैकड़ों अनुयायियों और महिलाओं के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट व पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया तथा जिला कलेक्टर एवं एसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

​कथित भाजपा नेता पर दबंगई और कब्जे का आरोप

​बसपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट लखन अहिरवार ने मामले की जानकारी देते हुए आरोप लगाया कि कथित भाजपा नेता राकेश साहू द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर मिल का संचालन किया जा रहा है। सत्ता और क्षेत्रीय विधायक के रसूख का धौंस दिखाकर मिल की गंदगी को जानबूझकर संत रविदास मंदिर परिसर में फेंका जा रहा है, जिससे परिसर अपवित्र हो रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में पाटन विधायक द्वारा ही इस मूर्ति के रखरखाव और अनावरण का कार्य किया गया था, इसके बावजूद आस्था के इस केंद्र का अनादर किया जा रहा है।

​'एक तरफ कलश यात्रा का ढोंग, दूसरी तरफ महापुरुषों का अपमान'

​प्रदर्शन के दौरान बसपा जोन प्रभारी शरण चौधरी ने भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो भाजपा नेता राजनीतिक लाभ के लिए सिर पर गुरु रविदास जी का कलश रखकर गांव-गांव घूमते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके संरक्षण में ही संत शिरोमणि के पवित्र स्थलों का अपमान और तोड़फोड़ की जा रही है, जिसे समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

​पूर्व की घटनाओं का हवाला: निष्पक्ष कार्रवाई न होने पर नाराजगी

​जिला अध्यक्ष लखन अहिरवार ने प्रशासन पर बहुजन महापुरुषों के अपमान के मामलों में लगातार अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा:

  • ​इससे पहले मंझोली के घाना गांव में आदिवासी समाज के आराध्य 'बड़ा देव' के मंदिर पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया, जिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
  • ​पनागर थाना क्षेत्र के कारीवाह गांव में भी रविदास जयंती के पावन अवसर पर उनके चित्र और पूजा स्थल को अपमानित किया गया था।

​उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंझोली मामले में तत्काल जांच कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो बहुजन समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

कलेक्ट्रेट में गूंजे नारे, ये रहे उपस्थित

​ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं और अनुयायियों ने कलेक्ट्रेट व एसपी कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर आक्रोश जताया।

​इस दौरान प्रमुख रूप से बसपा नेता बालकिशन चौधरी, रत्नेश सिंह, ओम समद, सुरेश बंशकार, दिनेश कुशवाहा, राधेलाल रैदास, लक्ष्मण समुद्रै, अजय अहिरवार, दिनेश चौधरी, शिव प्रकाश, रामराज राम, लक्ष्मण चौधरी, राजमनी साकेत, सचिन बांसकार, दयाराम, भगवान दास, महेंद्र चौधरी, सुशील सतनामी, संदीप सूर्यवंशी, राजू चौधरी, मालती चौधरी, ममता चौधरी, रानी चौधरी, लवकुश चौधरी, आकाश चौधरी, रेवाराम अहिरवार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

​#JabalpurNews #Majholi #BSP #GuruRavidasMandir #MPNews #CrimeNews #KhabarKesari

Post a Comment

Previous Post Next Post