खबर केसरी, जबलपुर :- जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के 63वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में एम सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रंखला में विश्वविद्यालय के खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा टीबी रोगियों के लिए "पोषक आहार वितरण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी से उपचाररत रोगियों को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी. के. मिश्रा द्वारा पोषक आहार किट प्रदान की गईं। इस अवसर पर कुलपति डॉ. मिश्रा ने टीबी रोगियों के उपचार में दवाओं के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पोषण रोगियों की शारीरिक क्षमता एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखने में सहायक होता है। विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रकार की पहल के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पोषण संबंधी जागरूकता एवं सहयोग पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पोषक आहार किट की विशेषताएँ
- कार्यक्रम के अंतर्गत तैयार की गई पोषक आहार किट में विभिन्न पोषक एवं ऊर्जा प्रदान करने वाले खाद्य पदार्थों का समावेश किया गया है।
- किट में मल्टीग्रेन आटा, रागी आटा, बेसन, राजंगिरा के लड्डू, मूंगफली की चक्की सहित अन्य पोषक खाद्य पदार्थ शामिल किए गए हैं।
- इन खाद्य पदार्थों का चयन इस दृष्टि से किया गया है कि रोगियों को नियमित आहार के साथ आवश्यक पोषक तत्वों की पर्याप्तता में सहयोग मिल सके।
- विभाग द्वारा पोषण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार की किट तैयार कर टीबी रोगियों को वितरित की गई।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार श्रीमती रचना शर्मा, संचालक अनुसंधान सेवाएं डॉ. ए. के. जैन, संचालक विस्तार सेवाएं डॉ. टी. आर. शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. अमित शर्मा, अधिष्ठाता कृषि महाविद्यालय डॉ. अल्पना सिंह तथा खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुभा उपाध्याय सहित विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#jabalpur #khabarkesri #jnkvv #madhypradesh
