Breaking

खबर केसरी

पनागर क्षेत्र में घोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, कांग्रेस ने विद्युत मंडल कार्यालय में सौंपा ज्ञापन

 

10 पंचायतों के गांवों में बिजली संकट से किसान और आमजन प्रभावित, समस्या के समाधान की उठी मांग

​खबर केसरी, जबलपुर, पनागर :- क्षेत्र में लगातार हो रही घोषित विद्युत कटौती के विरोध में और ग्रामीणों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पनागर के नेतृत्व एवं मंडलम सोनपुर के तत्वावधान में गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:00 बजे खमरिया के पिपरिया स्थित विद्युत मंडल कार्यालय में विभागीय अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने क्षेत्र की चरमराई बिजली व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए इसे जल्द सुधारने और ग्रामीणों को राहत देने की मांग की।

​इन गांवों के लोग हैं सबसे ज्यादा प्रभावित

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने बताया कि विद्युत कटौती का यह संकट लगभग 10 पंचायतों के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण अंचलों में बना हुआ है। इससे प्रभावित प्रमुख गांवों में मटामर, रिटौरी, बंधी मझगवां, और झुंरझुरू टोला सहित आसपास के अन्य ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं।

​खेती-किसानी और दैनिक जीवन पर पड़ रहा असर

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आंख-मिचौली से किसानों और आम नागरिकों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। किसानों का कहना है कि इस समय कृषि कार्यों के लिए बिजली की अत्यधिक आवश्यकता होती है, लेकिन लंबे समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से फसलों की सिंचाई समेत रोजमर्रा के जरूरी काम ठप हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

समस्या को गंभीरता से लेते हुए बलॉक कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत मंडल के अधिकारियों को लिखित ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ग्रामीण अंचलों में बिजली की सुचारू आपूर्ति बहाल नहीं की जाती है, तो क्षेत्रवासियों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

​इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post