हनुमानताल, ग्वारीघाट भटौली और तिलवारा कुंड में व्यवस्थाओं का लिया जायजा; साफ-सफाई, लाइटिंग और पार्किंग दुरुस्त करने के दिए निर्देश
खबर केसरी, जबलपुर:
आगामी मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जबलपुर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गई है। शनिवार को कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक (SP) श्री सम्पत उपाध्याय और नगर निगम कमिश्नर श्री राम प्रकाश अहिरवार ने शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों का संयुक्त रूप से दौरा किया और वहां की जमीनी हकीकत परखी।
इन प्रमुख विसर्जन स्थलों का हुआ मुआयना
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के इस संयुक्त दल ने ग्वारीघाट भटौली, तिलवारा विसर्जन कुंड और शहर के मध्य स्थित हनुमानताल तालाब का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अमले को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों ने दिए ये अहम निर्देश:
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दिन श्रद्धालुओं और समितियों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए:
- साफ-सफाई और लाइटिंग: सभी विसर्जन घाटों पर साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था और रात के समय पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग) का प्रबंध किया जाए।
- पहुंच मार्ग की मरम्मत: विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले रास्तों (सड़कों) का तुरंत दुरूस्तीकरण किया जाए ताकि भारी वाहनों और झांकियों को निकलने में दिक्कत न हो।
- सुरक्षा और नाविक: गहरे पानी में किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए गोताखोरों और नाविकों (बोट) की पर्याप्त तैनाती की जाए।
- पार्किंग व्यवस्था: भीड़भाड़ और ट्रैफिक जाम से बचने के लिए विसर्जन स्थल के पास पार्किंग की सुव्यवस्थित जगह तय की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी श्री सम्पत उपाध्याय के कड़े निर्देशों के बाद सिर्फ आला अधिकारी ही नहीं, बल्कि जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों (CSP/SDOP) ने भी प्रशासनिक अमले के साथ अपने-अपने क्षेत्रों (अनुभागों) के विसर्जन घाटों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।


