इंदौर, खबर केसरी :- दीपावली पर्व को सुरक्षित बनाने और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए इंदौर जिला प्रशासन पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व विभाग की टीम ने राऊ तहसील के ग्राम पिगडंबर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 'सुंदरम पटाखा एजेंसी' के गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है।
एसडीएम (राऊ) श्री लोकेंद्र सिंह सरल के निर्देशन में की गई इस छापामार कार्रवाई में सामने आया कि गोदाम संचालक द्वारा विस्फोटक अधिनियम और जनसुरक्षा के मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी।
फायर ब्रिगेड का पहुंचना था नामुमकिन
प्रशासनिक जांच में सुरक्षा को लेकर सबसे बड़ी खामी रास्ते की पाई गई। जांच टीम ने पाया कि ग्राम पिगडंबर में ए.बी. रोड से लगभग 250 फीट अंदर स्थित इस गोदाम तक पहुंचने का मार्ग बेहद संकरा है। आपातकालीन स्थिति या आगजनी होने पर यहां फायर ब्रिगेड जैसे बड़े राहत वाहनों का पहुंचना लगभग असंभव था। ऐसी स्थिति में कोई भी छोटी दुर्घटना बड़े हादसे में बदल सकती थी।
गोदाम से ही चल रही थी बिक्री, लाइसेंस शर्तों का उल्लंघन
यह गोदाम श्री जितेश बागेचा (निवासी- 117 विद्या नगर, इंदौर) द्वारा संचालित किया जा रहा था। नायब तहसीलदार (राऊ) श्री धीरज सोनी और राजस्व टीम ने निरीक्षण में पाया कि विस्फोटक अधिनियम 2008 के तहत निर्धारित मानकों का यहां कोई पालन नहीं हो रहा था। इसके अलावा, नियमों के विपरीत जाकर गोदाम के उसी हिस्से से पटाखों की बिक्री भी की जा रही थी, जहां उनका भारी मात्रा में भंडारण (Stock) किया गया था। यह सीधे तौर पर लाइसेंस की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है।
कलेक्टर की दो टूक: जानमाल से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
सभी अनियमितताओं को पुख्ता पाने के बाद टीम ने मौके पर ही गोदाम में ताला जड़कर उसे सील कर दिया। इस सख्त कार्रवाई के बाद कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने जिले के सभी पटाखा कारोबारियों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान जनसुरक्षा सर्वोपरि है। जो भी संचालक सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों से खिलवाड़ करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार ऐसी ही कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


