रमेश रजक, खबर केसरी, भेड़ाघाट :- पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल सहजपुर में सप्तरंग पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम एवं गरबा उत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज सिंह ठाकुर, शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं सरपंच श्री प्रमोद शुक्ला सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सप्तरंग पुस्तक का विमोचन किया गया। वहीं, गरबा उत्सव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय परंपरा और संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने शिक्षा, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल सहजपुर में आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा और संस्कृति के संगम का प्रतीक बना, जिसमें विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों ने उत्साह के साथ सहभागिता की।

.jpg)