जबलपुर, खबर केसरी - सदर चौपाटी स्थित पान दुकान से अवैध रूप से प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचने वाले संचालक को केण्ट थाना पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से विभिन्न ब्रांड्स की 5 नग प्रतिबंधित ई-सिगरेट जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है।
केण्ट थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र पटले ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 सितंबर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि सदर चौपाटी स्थित दुकान नंबर 29 का संचालक अवैध धन लाभ कमाने के लिए प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक वेप (ई-सिगरेट) बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर तुरंत दबिश दी।
विभिन्न कंपनियों की 5 ई-सिगरेट बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजा चौधरी (उम्र 29 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती कजरवारा, गोराबजार बताया। दुकान की तलाशी लेने पर उसके पास से अल्फवार आई किंग रिचार्जेबल, केन्गवेप स्पीडी बीस्ट और युओटो कंपनी की विभिन्न स्वादों (फ्लेवर्स) वाली 5 नग प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद हुईं। ई-सिगरेट की बिक्री और भंडारण के संबंध में जब आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने जब्त सामग्री को कब्जे में लेते हुए आरोपी राजा चौधरी के खिलाफ 'इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम' की धारा 4(1), 5(ए), 7 और 8 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका - कार्रवाई के दौरान उप निरीक्षक जगदीश सिंह, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र पटेल तथा आरक्षक प्रमोद, नितिन और माधव सिंह की विशेष योगदान और सराहनीय भूमिका रही।
